Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 04 जुलाई । क्षेत्र के गांव शीतल नगला मेवा स्थित संविलियन विद्यालय में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के ताले तोड़कर एलईडी टीवी, यूपीएस सहित लाखों रुपये का सरकारी सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विद्यालय के सहायक अध्यापक टीकम सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह विद्यालय पहुंचे तो मुख्य कमरों के तीन ताले टूटे हुए मिले। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर विद्यालय से एलईडी टीवी, दो यूपीएस, वाई-फाई डिवाइस, चार्जर, रिमोट सहित अन्य आवश्यक उपकरण चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी हुए सभी सरकारी उपकरण विद्यार्थियों की डिजिटल शिक्षा और स्मार्ट क्लास संचालन के लिए उपयोग में लाए जाते थे। इस घटना से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। घटना की सूचना तत्काल थाना मुरसान पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। विद्यालय प्रशासन ने चोरी हुए सामान का विवरण भी पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। इधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष और चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों के बावजूद इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page