Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 03 जुलाई। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ठूलई में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में परम पूज्य संत बाबा उमाकान्त जी महाराज ने श्रद्धालुओं को नशामुक्त जीवन, शाकाहार, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए मांस, मछली, अंडा, शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहना आवश्यक है। संत उमाकान्त महाराज ने कहा कि मानव शरीर ईश्वर का दिया हुआ अमूल्य उपहार है, इसलिए इसे नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से शाकाहारी जीवनशैली अपनाने और व्यसनों का त्याग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से नैतिक एवं सदाचारपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा भी दी। सत्संग में उन्होंने कहा कि बच्चों के अच्छे संस्कारों के लिए उन्हें नियमित रूप से सत्संग और सकारात्मक वातावरण से जोड़ना चाहिए। उनके अनुसार बच्चों पर अभिभावकों की सतत निगरानी और सही मार्गदर्शन आवश्यक है, ताकि वे गलत संगति और बुरी आदतों से बच सकें। बाबा उमाकान्त जी महाराज ने पारिवारिक जीवन में प्रेम, धैर्य और आपसी समझ बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि घर-परिवार में यदि किसी एक सदस्य को क्रोध आए तो दूसरे को शांत रहकर स्थिति को संभालना चाहिए। इससे विवाद बढ़ने के बजाय समाप्त हो जाते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रतिदिन सुबह और शाम “जय गुरु देव” नाम का स्मरण करने तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और संत के प्रवचनों का श्रवण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page