Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 जुलाई। मथुरा रोड पर सड़क किनारे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पड़ी गिट्टी मंगलवार रात तीन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन गई। इन हादसों में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। पहली दुर्घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे विधायक कोल्ड स्टोरेज के आगे हुई। गौतम नगर निवासी शालिग्राम गौतम अपनी बेटी नीतू और भतीजी अनुष्का के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। सड़क पर फैली गिट्टी के कारण उनकी बाइक फिसल गई, जिससे तीनों घायल हो गए। शालिग्राम और नीतू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीएचसी से आगरा रेफर कर दिया गया। इसी मार्ग पर कुछ देर बाद एक और हादसा हुआ। गांव मढ़नई निवासी चरण सिंह और विजय की बाइक भी गिट्टी के कारण फिसल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद विजय को भी आगरा रेफर किया गया। तीसरी दुर्घटना सादाबाद-जलेसर मार्ग पर हुई। जलेसर क्षेत्र के गांव गुड़ाई निवासी बंटी और राजेश सिंह घायल हो गए। दोनों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के सड़क पर छोड़ दिया गया था। उनका कहना है कि अंधेरे में वाहन चालकों को इससे काफी परेशानी हो रही है और लगातार हादसे हो रहे हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुरेश चौधरी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान गलती से कुछ गिट्टी सड़क पर आ गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उसे तत्काल हटाने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई दुर्घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page