
हाथरस। हाथरस सदर तहसील में वकीलों की चल रही हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। रेवेन्यू बार एसोसिएशन ने घोषणा की है कि सोमवार से तहसील सदर के सभी राजस्व न्यायालयों में न्यायिक कार्य पूर्व की भांति शुरू होगा। इससे पिछले कई दिनों से प्रभावित न्यायिक और राजस्व संबंधी कार्यों को फिर से गति मिलेगी। गौरतलब है कि फ्रंट ऑफिस प्रणाली के विरोध में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक और स्टांप वेंडर संयुक्त रूप से हड़ताल पर थे। इस दौरान तहसील परिसर में लगातार धरना-प्रदर्शन भी किए गए। जिले की अन्य तहसीलों में यह हड़ताल पहले ही समाप्त हो चुकी थी, लेकिन हाथरस सदर तहसील में आंदोलन जारी रहने से यहां का राजस्व और न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा था। शनिवार को भी प्रदर्शनकारियों ने तहसील सदर परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद आज रेवेन्यू बार एसोसिएशन ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, महासचिव अमित कुमार उपाध्याय तथा मीडिया प्रभारी शशांक पचौरी ने संयुक्त रूप से बताया कि सोमवार से सभी राजस्व न्यायालयों में नियमित रूप से कार्य होगा और अधिवक्ता न्यायिक कार्य में भाग लेंगे। एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है, जिसमें सभी अधिवक्ताओं को सोमवार से न्यायिक कार्य प्रारंभ करने की सूचना दी गई है।























