Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 01 जुलाई। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर में बुधवार को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच नेशनल डॉक्टर्स डे मनाया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने डॉ. बिधान चंद्र रॉय के कृतित्व और व्यक्तित्व की सराहना करते हुए जन स्वास्थ्य रक्षा के प्रति पूरे समर्पण से लगे उत्कृष्ट पीजी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने चिकित्सकों को देश के हेल्थकेयर सिस्टम की नींव बताया। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग तथा विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति के प्रयासों से आयोजित नेशनल डॉक्टर्स डे का शुभारम्भ केडी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, प्रति-कुलपति डॉ. गौरव सिंह, डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्रवाल, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, डॉ. अमनजोत कौर चौहान आदि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने डॉक्टर्स डे पर डॉक्टरों के बेहतरीन प्रोफेशनलिज्म और मानवता के प्रति उनकी सेवा की सराहना की। उन्होंने चिकित्सकों को देश के हेल्थकेयर सिस्टम की नींव बताते हुए उम्मीद जताई कि डॉक्टरों का निस्वार्थ समर्पण और मजबूती देश को प्रेरित करती रहेगी तथा स्वस्थ राष्ट्र बनाने की उनकी सामूहिक कोशिश को मजबूत करेगी। डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि डॉक्टर्स डे सिर्फ कैलेंडर पर लिखी एक तारीख़ नहीं बल्कि डॉक्टरों द्वारा प्रतिदिन दिखाई जाने वाली कड़ी मेहनत, समर्पण और करुणा की मान्यता है। यह दिवस जन स्वास्थ्य की रक्षा के प्रति डॉक्टरों के समर्पण और अमूल्य योगदान को रेखांकित करता है। डॉ. अशोका ने कहा कि यह दिवस हर वर्ष एक जुलाई को डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय है “बिहाइंड द मॉस्‍क: हू हील्‍स द हीलर्स?” जो उन डॉक्टरों के मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालता है जो अपना जीवन दूसरों की देखभाल के लिए समर्पित करते हैं।

डॉ. अशोका ने कहा कि संकट के समय जीवन बचाने से लेकर नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने तक, डॉक्टरों की अथक सेवा, कर्तव्य, त्याग और करुणा के सर्वोच्च आदर्शों को दर्शाती है। डॉ. अशोका ने चिकित्सकों का आह्वान किया कि वे अपने सेवाभावी कार्यों से उच्च मानक स्थापित कर केडी हॉस्पिटल का गौरव बढ़ाएं तथा डॉ. बिधान चंद्र रॉय का अनुसरण कर समाज के सामने नजीर पेश करें। शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने मानवता की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन न्योछावर करने वाले डॉ. बिधान चंद्र रॉय के समर्पण, करुणा, कौशल और अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्‍सकों का कठिन परिश्रम और प्रतिबद्धता देश की स्‍वास्‍थ्‍य सेवा का आधार है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चिकित्‍सकों के अथक प्रयासों से उनमें अनगिनत लोगों का भरोसा बढ़ता है।

उप-प्राचार्य डॉ. गगनदीप कौर ने सभी विभागाध्यक्षों तथा चिकित्सकों को लोगों की तकलीफें दूर करने, जान बचाने और मरीजों की देखभाल के ऊंचे मानदंड बनाए रखने के लिए उनके अथक प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। डॉ. कौर ने कहा कि डॉक्टरों ने अस्पताल और क्लीनिक से आगे बढ़कर स्वास्थ्य समानता, रोग निवारक, स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ समाज के लिए काम करने में भी अहम भूमिका निभाई है। चिकित्सकों ने बीमारी का पता लगाने तथा इलाज को बेहतर बनाने के लिए उन्‍नत तकनीक अपनाने की जरूरत पर भी बल दिया। इस अवसर पर हेल्थकेयर पर लिखी गई पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनम बिलावारिया ने किया तथा आभार डॉ. अमनजोत कौर चौहान ने माना।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page