
हाथरस 30 जून । सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला मोहल्ला में सड़क पर खड़ी कार का गेट अचानक खुल जाने से स्कूटी सवार पिता-पुत्र हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में निखिल अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पुत्र को भी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने मामले में कोतवाली सदर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर में दिल्ली वाला मोहल्ला निवासी पूनम अग्रवाल ने बताया कि 29 जून की दोपहर उनके पति निखिल अग्रवाल और पुत्र सार्थक अग्रवाल खाना खाने के बाद स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में एक दुकान के बाहर खड़ी कार में बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर बिना पीछे देखे अचानक कार का दरवाजा खोल दिया। आरोप है कि अचानक खुला कार का गेट स्कूटी से टकरा गया, जिससे निखिल और सार्थक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में निखिल अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। परिवार के अनुसार उनका उपचार चल रहा है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुर्घटना के बाद न तो संबंधित दुकानदार और न ही कार सवार ने घायलों की सहायता की। पीड़ित परिवार ने मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






















