Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 जून । कोतवाली जंक्शन क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी एक महिला की आज शाम उपचार के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने एक कथित झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव रामपुर निवासी पुष्पा देवी (पत्नी इंद्रपाल) मंगलवार शाम हाथरस जंक्शन कस्बे में अपनी बहन की भतीजी को देखने गई थीं। उनकी भतीजी एक निजी क्लीनिक में भर्ती थी। इसी दौरान पुष्पा देवी को घबराहट महसूस हुई। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद कथित झोलाछाप ने उनका उपचार करते हुए इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर होने पर संबंधित व्यक्ति उन्हें आनन-फानन में एक अन्य चिकित्सक के पास लेकर गया, लेकिन वहां चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उपचार करने से मना कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक पुष्पा देवी की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतका के पति इंद्रपाल बीएसएनएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। परिवार में चार संतानें हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने कस्बे में बिना मान्यता के इलाज करने वाले कथित झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में ऐसे कई लोग मरीजों का उपचार कर रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले में परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page