Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 जून। देर रात चांदनी चौक स्थित मिष्ठान भंडार में लगी आग, गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा कस्बा बिसावर के चांदनी चौक स्थित एक मिठाई की दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लाखों रुपये का मिष्ठान, खाद्य सामग्री, फ्रीजर, फर्नीचर, काउंटर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब एक बजे बिसावर पुलिस चौकी की गश्ती टीम कस्बे में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान चांदनी चौक स्थित एक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। पुलिसकर्मियों ने तुरंत आसपास के लोगों और दुकानदारों को जगाया। जांच में पता चला कि आग राधेश्याम के मिष्ठान भंडार में लगी है। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर पानी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था। दुकान मालिक राधेश्याम ने बताया कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा मिष्ठान, खाद्य सामग्री, फ्रीजर, फर्नीचर, काउंटर सहित अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बिसावर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि रात में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकान से धुआं निकलते देखा था। तत्काल लोगों को सूचना देकर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page