
हाथरस 30 जून। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से हाथरस रोडवेज डिपो ने आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर एसी बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू कर दिए हैं। पहले इस रूट पर केवल एक एसी बस संचालित होती थी, लेकिन अब दो अतिरिक्त चक्कर बढ़ाए जाने के बाद यात्रियों को कुल तीन एसी बसों की सुविधा उपलब्ध होगी। हाथरस डिपो के पास वर्तमान में चार एसी बसें हैं। इनका नियमित संचालन हाथरस-नोएडा तथा हाथरस-हरिद्वार-देहरादून मार्ग पर किया जाता है। लंबी दूरी के लिए रवाना होने से पहले इन्हीं बसों से आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर अतिरिक्त फेरे संचालित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को वातानुकूलित यात्रा का लाभ मिल सके।
इन दिनों जिले में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। भीषण गर्मी के चलते सामान्य बसों की अपेक्षा एसी बसों की मांग में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसी को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था लागू की है। हाथरस डिपो के प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि मौसम की स्थिति और यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए एसी बसों का अतिरिक्त संचालन किया जा रहा है। यदि यात्रियों की संख्या इसी प्रकार बनी रहती है तो आगे भी यह व्यवस्था जारी रखी जाएगी, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में आरामदायक और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलती रहे।






















