Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन)30 जून। कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम बस्तोई में देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने ठेका सेल्समैन की तहरीर पर नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बस्तोई की महिलाओं ने 29 जून को गांव में संचालित देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। महिलाओं का आरोप था कि गांव में शराब की दुकान होने से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है तथा घरेलू विवाद, मारपीट और अन्य घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसी मांग को लेकर महिलाओं ने शराब के ठेके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दुकान बंद कराने की मांग की। इस दौरान शराब के पाउच और पौव्वों को बाहर निकालकर नष्ट कर दिया गया। इस मामले में देशी शराब की दुकान बस्तोई बम्बा के सेल्समैन जयप्रकाश पुत्र महीपाल सिंह ने कोतवाली हसायन में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 29 जून को दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच ग्राम प्रधान रेशमपाल के परिवार सहित कई नामजद एवं अज्ञात महिला-पुरुष लाठी-डंडों के साथ दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान बंद करने की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर आबकारी विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने जबरन दुकान में घुसकर लगभग 50 पेटी शराब बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दी, जिससे शराब नष्ट हो गई। साथ ही दुकान में रखा करीब 82,990 रुपये नकद भी गायब हो गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने भविष्य में दुकान खुलने पर आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी। सेल्समैन ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के पीछे ग्राम प्रधान रेशमपाल, उनके पुत्र आशीष तथा परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा गांव के लोगों को उकसाया गया, जिससे अनुज्ञापी एवं सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ। कोतवाली प्रभारी मनीष चिकारा ने बताया कि सेल्समैन की लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page