
हाथरस 30 जून। निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान – NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा। योजना का लाभ केवल उन अभ्यर्थियों को मिलेगा जो न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों तथा जिनके माता-पिता या अभिभावकों की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो।
इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई तक कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 10 जुलाई को सायं 5 बजे तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या-208, विकास भवन, में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की विभागीय वेबसाइट तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।






















