
हाथरस 26 जून। शहर के सराफा बाजार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सोने-चांदी के आभूषण गलाने और टंच निकालने का कार्य करने वाले एक कारोबारी ने अलीगढ़ निवासी युवक पर करीब 387.35 ग्राम सोना हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर के कूचा केशव भगवान गली, वक्तावर निवासी सयाजी दिनकर जाधव ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में बताया कि वह सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की गलाई कर टंच निकालने तथा बदले में शुद्ध सोना देने का कार्य करते हैं। उनके पास गहलऊ, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ निवासी सचिन वर्मा नियमित रूप से अपना सामान गलवाने और टंच निकलवाने के लिए आता था।
पीड़ित का आरोप है कि लगातार लेन-देन के दौरान सचिन वर्मा ने उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह अलग-अलग समय पर कुल 387.35 ग्राम शुद्ध सोना लेकर चला गया। जब उससे सोना वापस मांगा गया तो वह बार-बार बहाने बनाकर टालमटोल करने लगा और अब सोना लौटाने से इंकार कर रहा है। तहरीर में सयाजी दिनकर जाधव ने आरोप लगाया कि आरोपी की नीयत शुरू से ही बेईमानी की थी। उसने विश्वास में लेकर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करते हुए उनका कीमती सोना हड़प लिया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा उनका सोना वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






















