सिकन्दराराऊ (हसायन) 26 जून । विकासखंड क्षेत्र के गांव इटर्नी में आज छब्बीस जून को ‘मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी के आदेश पर हुआ। इस अंतर्राष्ट्रीय दिवस को संयुक्त राष्ट्र द्वारा नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूकता बढ़ाने और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के मुख्य उद्देश्य से मनाया जाता है। शिविर में युवाओं, आम जनता और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशीली दवाओं ड्रग्स के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में कानूनी जानकारी दी गई और उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई। पीएलवी अजब सिंह ने बताया कि नशा हमारे समाज के लिए विनाश का मूल कारण बनता जा रहा है। मादक पदार्थों के अलावा अन्य नशीले पेय पदार्थों के सेवन से हर परिवार के लोग काफी परेशान हैं। उन्होंने सलाह दी कि नशे पर धन व्यर्थ करने के बजाय, दूध, मट्ठा, दही और छाछ जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थों का नियमित सेवन करना चाहिए, जिससे हर व्यक्ति स्वस्थ और निरोग रह सके। पीएलवी अजब सिंह ने आगे कहा कि नशा करने से धन,मन और तन के साथ-साथ शरीर के स्वस्थ रहने पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इस कार्यक्रम में डीएलएसए से पीएलवी अजब सिंह, थाना हसायन से होमगार्ड सुनहरी लाल और गांव इटर्नी के वर्तमान कार्यवाहक प्रधान मूलचन्द्र सागर उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।