
हाथरस 26 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 28 जून को प्रस्तावित हाथरस भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे । इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जून को हाथरस दौरे के दौरान जनपद को 486 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी संगठन पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का हाथरस दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था। इसके लिए मेंडू रोड स्थित सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को लाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई थी। हालांकि 22 जून को अलीगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री को लखनऊ में हुए अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम परिवर्तित करते हुए अलीगढ़ से सीधे लखनऊ रवाना होने का निर्णय लिया था, जिसके चलते हाथरस का दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब नए कार्यक्रम के अनुसार प्रशासन ने तैयारियों को फिर से गति दे दी है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच निर्माण, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कार्यक्रम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है और विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।






















