Hamara Hathras

Latest News


अयोध्या 25 जून ।
राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित अनियमितताओं और चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। गुरुवार को राम मंदिर ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर इस मामले में पहली एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एफआईआर में कुल आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि कुछ अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव और रमाशंकर मिश्रा सहित छह लोग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ लोग चढ़ावे की राशि से कथित तौर पर चोरी करते हुए दिखाई दिए थे। इसी आधार पर ट्रस्ट की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एफआईआर में रामकांत यादव उर्फ टिन्नू यादव, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा समेत उन लोगों के नाम शामिल हैं, जिनका कथित रूप से मंदिर के नकदी प्रबंधन से सीधा संबंध बताया जा रहा है। पुलिस अब ट्रस्ट के महासचिव के चालक बताए जा रहे टिन्नू यादव की तलाश में जुटी हुई है। गौरतलब है कि यह एफआईआर ऐसे समय दर्ज की गई है, जब राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने भी इस मामले में अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा या अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page