
हाथरस 23 जून। रोटरी क्लब हाथरस सिटी के सहयोग से कल्याणम करोति संस्था द्वारा संचालित श्री जी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान के तत्वावधान में नयागंज चौराहा स्थित आई विजन सेंटर पर विशाल निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंडित आशीष शर्मा ने फीता काटकर किया। शिविर में आधुनिक एवं अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से मरीजों की आंखों की गहन जांच की गई। मुख्य अतिथि ने मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई, उन्हें चिन्हित कर निशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार के लिए श्री जी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान भेजा गया। संस्था द्वारा मरीजों के आवागमन, भोजन, आवास और ऑपरेशन की संपूर्ण व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि रोटरी क्लब और कल्याणम करोति संस्था का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आंखों की रोशनी लौटाने से बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। शिविर के सफल आयोजन में रोटरी क्लब के पूर्व गवर्नर अरुण कुमार जैन, अध्यक्ष दीपक गौड़, सचिव राहुल देव शर्मा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने योगदान दिया। वहीं कल्याणम करोति संस्था की ओर से डॉ. सत्येंद्र गौड़, गौरी शंकर, राम स्नेही, जगदीश कुमार तथा यशपाल सिंह का विशेष सहयोग रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए मिल्क शेक और शीतल जल की व्यवस्था भी की गई। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने इस जनसेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


























