Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में कॉमन योग प्रोटोकॉल आधारित भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह एवं प्राचार्य डॉ. सरोज गौतम द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। योगाचार्य सुमित कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया, जिसमें सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण मनोयोग एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। योगाचार्य सुमित कुमार सिंह ने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव, अवसाद, जीवनशैली जनित रोगों एवं मानसिक असंतुलन को दूर करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कार्यक्रम के दौरान उनकी योग शिष्याओं द्वारा संगीतमय योगासन प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त कॉलेज द्वारा पूरे योग सप्ताह के दौरान योग जागरूकता रैली, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता तथा योगासन खेल प्रतियोगिता जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। समापन शांति पाठ एवं योग संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. भरत, डॉ. निधि, भानवी, छवि, आरुषि, किरण, आर्या, ज्योति सहित विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, चिकित्सकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page