हाथरस में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई NEET (UG) पुनर्परीक्षा, 1188 में से 1106 अभ्यर्थी हुए शामिल

हाथरस 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) पुनर्परीक्षा रविवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 1188 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1106 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 82 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा का आयोजन सरस्वती इंटर कॉलेज, सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज, श्री अकूर इंटर कॉलेज एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में किया गया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा मानकों के तहत परीक्षार्थियों के जूते-चप्पल उतरवाकर जांच की गई। महिला अभ्यर्थियों के बालों के जूड़े खुलवाए गए तथा आभूषण भी उतरवाए गए। निर्धारित समय के बाद पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। पिछली परीक्षा में पेपर लीक की घटना को लेकर कई अभ्यर्थियों ने नाराजगी भी व्यक्त की। अभ्यर्थी मुकेश ने कहा कि पेपर लीक होना व्यवस्था की बड़ी विफलता है और इससे मेहनत करने वाले छात्रों का नुकसान होता है। वहीं अभ्यर्थी सपना ने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन ने 8 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण करते रहे। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को समाप्त किया जा सके। प्रशासन ने परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया।



























