हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर शहर स्थित अग्निहोत्री फिजियोथेरेपी सेंटर पर आज प्रातः भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं स्वास्थ्य प्रेमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी दिनेश चंद्र गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. नवनीत अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मुख्य अतिथि ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए, जबकि डॉ. नवनीत अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मोहित अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि दिनेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का वास्तविक आधार है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का मूल आधार योग है। यदि व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रहना चाहता है, तो उसे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से अनेक रोगों से बचाव संभव है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मोहित अग्निहोत्री ने कहा कि योग एक खुशहाल और आनंदमय जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती उम्र और बदलती जीवनशैली के कारण अनेक बीमारियां लोगों को घेर रही हैं। ऐसे में योग स्वास्थ्य संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योगासनों का सामूहिक अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों को समझते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने देश को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं सकारात्मक बनाने का संकल्प दोहराया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर शैलेंद्र शर्मा, अजय शर्मा, हर्ष राघव, निहाल पाठक, पीयूष भूषण, संतोष शर्मा, अतुल बंसल, जय सोनी, योगेश शर्मा, भानु सिंह, ऋषभ, भावना, कृष्णा अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, गणमान्य व्यक्ति एवं स्वास्थ्य प्रेमी उपस्थित रहे।


























