Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 9 यूपी बटालियन एनसीसी के अंतर्गत योगाभ्यास हुआ । कॉलेज में चल रहे 10 दिवसीय एनसीसी शिविर के दौरान आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में लगभग 400 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5:45 बजे योग प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात कैडेट्स ने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी सहित विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन सहित अनेक महत्वपूर्ण योगासनों का सटीक एवं अनुशासित प्रदर्शन किया। वर्दीधारी 400 कैडेट्स का एक साथ योगाभ्यास करना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। यह दृश्य एनसीसी की अनुशासनप्रिय संस्कृति एवं युवाओं की स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रतीक बना। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मानसिक शांति, शारीरिक फिटनेस और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सचिन वशिष्ठ (9 यूपी बटालियन एनसीसी, हाथरस) ने कहा कि एक अनुशासित कैडेट ही राष्ट्र का सशक्त स्तंभ बन सकता है और योग उसी अनुशासन को भीतर से मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि तनाव प्रबंधन, आत्मनियंत्रण एवं एकाग्रता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने योग के विभिन्न आयामों को समझते हुए मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने के गुर सीखे। योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं फिट जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन कॉलेज एवं एनसीसी की वार्षिक गतिविधियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ, जिसमें युवाओं ने फिटनेस एवं अनुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सचिन वशिष्ठ, एडम ऑफिसर कर्नल पवन कुमार, सूबेदार मेजर मानवेंद्र सिंह, प्रशिक्षण जेसीओ सूबेदार सुरेश सिंह तथा समस्त पीआई स्टाफ उपस्थित रहा। आरपीएम डिग्री कॉलेज की ओर से एएनओ कैप्टन प्रवीण शर्मा एवं सीटीओ दुष्यंत शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page