
नई दिल्ली 27 जून । आज शाम 7:05 बजे अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप का केंद्र कालाफगन से लगभग 81 किलोमीटर दूर, अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा के निकट स्थित था। भूकंप की गहराई 192 किलोमीटर दर्ज की गई, जिसके कारण इसके झटके कई देशों तक महसूस किए गए। भूकंप का प्रभाव अफगानिस्तान, भारत, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन और किर्गिस्तान समेत कई देशों में देखा गया। भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। जम्मू-कश्मीर के नगर, बारामुला, कुपवाड़ा और जम्मू सहित कई क्षेत्रों में हल्के से मध्यम झटके महसूस होने के बाद लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में भी कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
























