
हाथरस 27 जून । जिले में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से बिजली बिल की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 30 जून तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति मुख्यालय के कंट्रोल सेंटर से ही बंद कर दी जाएगी। जिले में अब तक करीब 1.60 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और सभी कनेक्शनों को पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित किया जा चुका है। वर्तमान में करीब 64 हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना बिजली बिल जमा नहीं किया है, जिन पर लगभग 21 करोड़ रुपये का बकाया है।
स्मार्ट मीटर प्रणाली की विशेषता यह है कि बकाया होने पर बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए विभाग को अलग से टीम भेजने की आवश्यकता नहीं होती। मुख्यालय स्थित कंट्रोल सेंटर से ही संबंधित उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति दूरस्थ (रिमोट) तरीके से बंद की जा सकती है। अकेले हाथरस शहर में 32,700 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं में से करीब 8 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक बिल का भुगतान नहीं किया है। इन पर लगभग 2.50 करोड़ रुपये का बकाया है। इसके अलावा सासनी, सिकंदराराऊ, सादाबाद, हसायन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल लंबित हैं। अधिशासी अभियंता (शहर) संदीप कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था का उद्देश्य बिलिंग प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना और राजस्व वसूली को प्रभावी करना है। लगातार बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बकाया राशि जमा होने के बाद ही बिजली आपूर्ति पुनः बहाल की जाएगी।न विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना बिजली बिल जमा कर दें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी असुविधा से बचा जा सके। विभाग ने ऑनलाइन माध्यम से बिल भुगतान करने की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की भी सलाह दी है।
























