सिकन्दराराऊ 20 जून । जलेसर जात करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना हसायन क्षेत्र के पुरदिलनगर-जरेरा मार्ग पर हुई, जहां ट्रैक्टर से गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद कासगंज के सहावर निवासी वीरेश अपने परिवार एवं मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर जलेसर जात करने जा रहा था। पुरदिलनगर-जरेरा मार्ग के बीच अचानक ट्रैक्टर असंतुलित हो गया, जिससे वीरेश ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद साथ मौजूद श्रद्धालुओं और परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वीरेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और जात करने जा रहे श्रद्धालु भी बीच रास्ते से ही वापस अपने घर सहावर लौट गए। सूचना मिलने पर पुरदिलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक वीरेश की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















