सादाबाद 19 जून । कस्बे में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में विशेष योग अभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज सुबह शिव शक्ति भवन में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया और नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
योग शिक्षक सोम प्रकाश वार्ष्णेय ने प्रतिभागियों को योग का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या और तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, कमर दर्द और जोड़ों के दर्द जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। वार्ष्णेय ने जोर दिया कि प्रतिदिन नियमित योग और प्राणायाम से इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधियां सिखाईं और उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका ब्रह्माकुमारी भावना बहन ने योग को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने सभी से सुबह उठने के बाद योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। भावना बहन ने कहा कि निरंतर अभ्यास से शरीर की कई बीमारियों से बचाव होता है और व्यक्ति स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमी रामू शुक्ला ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दवाइयां केवल रोग को नियंत्रित करती हैं, जबकि योग शरीर की प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाकर बीमारियों को दूर रखने में सहायक है। शुक्ला ने सभी लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में, सभी प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।
























