
हाथरस 19 जून। शहर के बुर्जवाला कुआं क्षेत्र निवासी एक गृहणी से गेम टास्क के नाम पर 1 लाख 28 हजार 200 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद साइबर क्राइम थाना, पुलिस लाइन हाथरस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता नीतू शर्मा पत्नी पुनीत कुमार के अनुसार 17 सितंबर 2023 को उनके मोबाइल फोन पर एक गेम टास्क से संबंधित संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने पंजीकरण के लिए एचडीएफसी बैंक खाते से विजय सिंह नामक व्यक्ति के खाते में रात आठ बजे 2,000 रुपये तथा रात नौ बजे 3,200 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद मैसेंजर के माध्यम से उन्हें एक माह में 30 से 50 प्रतिशत तक मुनाफा देने का लालच दिया गया। झांसे में आकर उन्होंने 18 सितंबर 2023 को ग्रीन आर्गेनिक ट्रेडर्स के नाम पर 5,000 रुपये तथा विष्णु इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम पर 28,000 रुपये ट्रांसफर किए। अगले दिन 19 सितंबर को आरती ज्वैलर्स के नाम पर 50,000 रुपये भेजे गए। वहीं 20 सितंबर 2023 को एक्सिस बैंक खाते से विष्णु इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम पर 40,000 रुपये और स्थानांतरित कर दिए। इस प्रकार विभिन्न खातों में कुल 1,28,200 रुपये जमा कराने के बाद पीड़िता को एक और संदेश मिला, जिसमें 2 लाख 40 हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने पर ही रकम को मुनाफे सहित वापस करने की बात कही गई। साथ ही रकम जमा न करने पर आईडी बंद कर धनराशि जब्त करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद पीड़िता को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।
नीतू शर्मा ने बताया कि उन्होंने 20 सितंबर 2023 को डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक हाथरस को शिकायत भेजी थी और व्यक्तिगत रूप से भी अधिकारियों से मुलाकात की थी। उनका आरोप है कि कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद उन्होंने 16 अक्टूबर 2025 को पुनः शिकायत भेजी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार पीड़िता ने 6 दिसंबर 2025 को न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर साइबर क्राइम थाना हाथरस में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रार्थना पत्र में कथित अज्ञात गेम टास्क संचालक विजय सिंह, ग्रीन आर्गेनिक ट्रेडर्स, विष्णु इन्फ्रास्ट्रक्चर, आरती ज्वैलर्स तथा काइन स्विच एडवांस एप्लीकेशन को आरोपित बनाया गया है।
Next News :-नीट री-एग्जाम को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश, 21 जून को 4 केंद्रों पर होगी परीक्षा
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










