Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जून । जनपद में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल टीम ने विभिन्न डेयरियों एवं प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए घी, दूध एवं एसएमपी पाउडर के नमूने संग्रहित किए।

यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान सासनी स्थित एक डेरी से पैक्ड घी एवं एसएमपी (स्किम्ड मिल्क पाउडर) के दो नमूने लिए गए। वहीं नोवा डेरी, सासनी से मिश्रित दूध का नमूना तथा चक्की बाजार, हाथरस स्थित गंगा मिल्क प्रोडक्ट से घी का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को विधिक प्रक्रिया के तहत जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, सुरेन्द्र कुमार गौड़, भरत सिंह, प्रियेश कुमार सिंह एवं पारूल सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page