
हाथरस 18 जून । जायंट्स इंटरनेशनल के संस्थापक एवं प्रेरणा स्रोत पद्मश्री नाना चूड़ास्मा के जन्मदिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस डायमंड द्वारा समाजहित में एक विशेष पहल करते हुए समर कैंप का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मेहंदी एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। समर कैंप का उद्घाटन संस्था की संस्थापक एवं यूनिट डायरेक्टर सोनल अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
आयोजकों ने बताया कि कैंप में लगभग 30 से 40 बच्चों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को बेसिक से लेकर एडवांस मेहंदी डिजाइन तथा सिलाई कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में इन कौशलों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। बच्चों को चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित कर उनके उत्साह को और बढ़ाया गया।
संस्था की पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और विशेष रूप से बालिकाओं में हुनर विकसित कर उन्हें आत्मविश्वासी एवं स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष प्रभा वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष आशु वार्ष्णेय, सचिव गीता गुप्ता, चार्टर प्रेसिडेंट पूजा वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, नीरू वार्ष्णेय, सीमा अग्रवाल सहित संस्था की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।


























