Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 जून । हाथरस गेट क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात आइसक्रीम की दुकान पर पहुंचे एक युवक द्वारा कथित रूप से हथियार का प्रदर्शन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात कुछ युवक कार से आइसक्रीम खाने के लिए एक दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने कार में बैठकर पिस्टल निकाल ली और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करने लगा। संयोगवश उस समय दुकानदार अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार के लिए वीडियो बना रहा था, जिसमें यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले का तत्काल संज्ञान लिया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कार में बैठकर आइसक्रीम की दुकान के पास पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर असलाह का प्रदर्शन किया जा रहा था, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद शहर में चर्चा का माहौल है और पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे मामलों पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page