Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 जून । कांशीराम कॉलोनी जलेसर रोड निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट तथा गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सविता के अनुसार उनकी शादी 16 फरवरी 2012 को फरीदाबाद निवासी राजू पुत्र स्वर्गीय जयप्रकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह के दौरान मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार जेवरात, स्त्रीधन, 20 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी भेंट की थी। महिला का आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद ही पति राजू शराब के नशे में घर आने लगा और दहेज कम लाने का ताना देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जेठ ताराचंद, जेठानी साधना, देवर धीरज और गुड्डू भी कथित रूप से उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज के रूप में एक लाख रुपये की मांग करता था और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। सविता ने आरोप लगाया कि पति ने कई बार उसका गला दबाकर तथा बिजली का करंट लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला के अनुसार 8 फरवरी 2026 को खाना बनाते समय पति ने गमछे से फंदा बनाकर उसका गला घोंटने का प्रयास किया और उसे घर से बाहर तक घसीटकर ले गया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद उसकी जान बच सकी। आरोप है कि इस दौरान बच्चों के साथ भी मारपीट की गई।पीड़िता का कहना है कि अगले दिन पति उसे जबरन वाहन में बैठाकर हाथरस स्थित मायके छोड़ गया। मामले की शिकायत महिला थाने में किए जाने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page