Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 जून । सासनी क्षेत्र के गांव भूतपुरा गोपालपुर निवासी एक महिला ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज की मांग, मारपीट, उत्पीड़न तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता भारती देवी के अनुसार उनकी शादी 30 जून 2018 को जिरौली निवासी अजीत सोलंकी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। उन्होंने बताया कि विवाह में उनके मायके पक्ष द्वारा करीब पांच लाख रुपये खर्च कर सोने की अंगूठी, फ्रिज, कूलर, अलमारी सहित अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके अतिरिक्त सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और 10 हजार रुपये नकद भी दहेज स्वरूप दिए गए थे। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद भी पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं हुए तथा दो लाख रुपये नकद और एक मारुति कार की अतिरिक्त मांग करने लगे। मायके पक्ष द्वारा समझाने के बावजूद कथित रूप से दहेज की मांग जारी रही।म पीड़िता ने बताया कि विवाह के बाद उसने एक पुत्री काव्या को जन्म दिया, जिसके बाद पति अजीत, जेठ राहुल, सास गुड्डी और जेठानी पूजा द्वारा उसका उत्पीड़न और बढ़ा दिया गया। आरोप है कि करीब चार वर्ष पूर्व ससुराल पक्ष ने उसे उसकी नाबालिग बेटी के साथ घर से निकाल दिया तथा उसका स्त्रीधन भी अपने पास रख लिया। महिला का कहना है कि अब ससुराल पक्ष उसे तभी घर में रखने की बात कह रहा है जब उसके बेटा हो, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने 31 मार्च 2026 को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के उपरांत पुलिस ने सोमवार को पति सहित नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page