
सादाबाद 14 जून । सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने रविवार को सादाबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैतई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभाष उपाध्याय, फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार, वार्ड बॉय सुशील और स्वीपर गोपाल सिंह ड्यूटी पर मौजूद पाए गए। केंद्र की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान आवश्यक औषधियों की उपलब्धता की समीक्षा की। जांच में सामने आया कि आवश्यक औषधि सूची के तहत 195 प्रकार की दवाओं में से केंद्र पर 175 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। इस पर डॉ. वेद प्रकाश ने संबंधित फार्मासिस्ट को शेष दवाओं की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डॉ. प्रकाश ने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में कोई कमी न छोड़ने के निर्देश भी दिए।


























