Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 14 जून । मुरसान थाना क्षेत्र में हार्डवेयर कारोबारी सुनील चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह सोलर सिस्टम के भुगतान को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार दयालपुर निवासी सुनील चौधरी हार्डवेयर एवं सैनिटरी का कारोबार करते थे। मृतक के भाई विकास चौधरी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 13 जून की शाम सुखबीर उर्फ फौजी और अजय उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। परिजनों का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुआ है। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि सुनील चौधरी रुहेरी पुल के नीचे गोली लगने से घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले हाथरस के एक निजी अस्पताल और बाद में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि सुखबीर, अजय और चंदन ने पहले सुनील चौधरी के साथ मारपीट की और बाद में सुखबीर ने पिस्टल से गोली मार दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी सादाबाद जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतक के घर पर सुखबीर द्वारा लगभग ढाई लाख रुपये का सोलर सिस्टम लगाया गया था। इसी भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। पुलिस ने मामले में आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक सुनील चौधरी के पिता जयवीर सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। परिवार में उनकी पत्नी अंजू, पुत्री आशी, पुत्र माधव तथा दो छोटे भाई हैं। रविवार को उनका शव पैतृक गांव असरोई पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page