
सिकन्दराराऊ (हसायन) 05 जुलाई। विद्युत उपखंड चतुर्थ के अन्तर्गत आने वाले गांव बरवाना विद्युत उपकेन्द्र के विद्युत फीडर गांव कुंडा में चार दिन पहले दो जून को विद्युत विभाग की विद्युत प्रवर्तन दल विजिलेंस टीम के द्वारा विद्युत चैकिंग अभियान के दौरान महिला उपभोक्ताओं व गांव के अन्य घरेलू उपभोक्ताओ के साथ किए गए अभद्र अर्मयादित भाषा के व्यवहार का विरोध किए जाने के प्रकरण के विरोध में भारतीय किसान यूनियन भानु गुट अब छह जुलाई दिन सोमवार को ए.एस.ई कार्यालय ओढपुरा पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।दो जुलाई दिन गुरूवार को विद्युत विभाग की विद्युत प्रवर्तन दल विजिलेंस टीम के द्वारा अवर अभियंता संदीप सिंह के नेतृत्व निर्देशन में कस्बा हसायन व कुंडा गांव में विद्युत चैंकिग की गई थी।विजिलेंस टीम में शामिल एक उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस कर्मी के द्वारा भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह के परिचय दिए जाने के बाद भी उपनिरीक्षक के द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर अपमानित किया था।इसी प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट संगठन में आक्रोश व्याप्त हो गया।भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व जनपद हाथरस के जिलाध्यक्ष आशीष सिंह के साथ उनके ग्राम कुंडा में विजिलेंस टीम के दरोगा अवधेश कुमार द्वारा कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया था।इस घटना से किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं एवं किसानों में भारी रोष व्याप्त है।उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने निर्णय लिया है कि दिनांक छह जुलाई, प्रातः ग्यारह बजे से एएसई कार्यालय,ओढपुरा बिजली घर विद्युत उपकेन्द्र हाथरस पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।संगठन का कहना है कि जब तक संबंधित विजिलेंस दरोगा के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई एवं निलंबन की कार्यवाही नहीं की जाती,तब तक आंदोलन जारी रहेगा।भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय सचिव व अलीगढ मंडल अध्यक्ष ठाकुर राम जादौन ने जनपद हाथरस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसानों एवं समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाएं तथा किसानों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा हेतु अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।संगठन ने सभी प्रतिभागियों से समय का विशेष ध्यान रखने एवं शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया है।


























