
हाथरस/सिकंदराराऊ 13 जून । आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग के सहयोग से जनपद के विकास खण्ड सिकंदराराऊ, हसायन एवं मुरसान में 14 से 16 जून तक विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंपों के माध्यम से आधार नामांकन, आधार अद्यतन एवं अन्य आवश्यक आधार सेवाएं नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि तीनों विकास खण्ड परिसरों में 14 जून से 16 जून तक प्रतिदिन प्रात 11 बजे से विशेष आधार कैंप संचालित किए जाएंगे। इन कैंपों में नए आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरणों के संशोधन और अद्यतन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि विशेष आधार कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि जिन लोगों को आधार बनवाना है अथवा आधार में किसी प्रकार का संशोधन या अद्यतन कराना है, वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी विकास खण्ड परिसर में पहुंचकर विशेष आधार कैंप का लाभ प्राप्त करें। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना है।


























