
हाथरस 12 जून। महिला थाना हाथरस में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के चार लोगों पर फर्जी नौकरी दिखाकर भारी दहेज लेने, अतिरिक्त दहेज की मांग करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला भूरा निवासी शालू उर्फ शालिनी ने शिकायत में बताया कि उनका विवाह 21 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी रोहित स्वरूप उर्फ ऋषि पुत्र यशपाल स्वरूप के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह से पूर्व रोहित को बैंक कर्मचारी बताकर लगभग एक लाख रुपये मासिक वेतन का नियुक्ति पत्र दिखाया गया, जिस पर विश्वास कर उनके पिता ने शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए तथा पांच लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, फर्नीचर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान दिया। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद भी पति रोहित स्वरूप, ससुर यशपाल स्वरूप, सास ऊषा और ननद सोनिया स्कोडा कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर 15 जनवरी 2026 को उसके साथ मारपीट कर कथित रूप से स्त्रीधन छीन लिया गया और उसे पिता के साथ भेज दिया गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 27 जनवरी को सास ने खाने में जहर मिलाकर उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, जिसकी जानकारी सीसीटीवी फुटेज देखने पर हुई। वहीं 7 मार्च को दोबारा स्कोडा कार की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया गया। पीड़िता के अनुसार, घर में काम करने वाली नौकरानी के मौके पर पहुंचने से उसकी जान बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस आपातकालीन सेवा 112 मौके पर पहुंची और पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















