Hamara Hathras

Latest News

 

सादाबाद 12 जून। हरियाणा के नूंह जनपद के दिहाना गांव निवासी एक ट्रक चालक ने अज्ञात बदमाशों पर हथियारों के बल पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। चालक ने बाजरे के खेत में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पीड़ित साबिर पुत्र मूसे खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक संख्या आरजे 14 जीपी-4946 का चालक है। 8 और 9 जून की मध्य रात्रि करीब 2:15 बजे वह ग्राम बिसावर स्थित मेवात गोल्डन ट्रांसपोर्ट पर अपना ट्रक खड़ा कर सो गया था। सुबह लगभग 4:20 बजे जब वह नित्य क्रिया के लिए बाहर निकला, तो चौराहे पर खड़ी एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार के पास मौजूद कुछ लोगों ने उसे नाम लेकर आवाज दी। साबिर के अनुसार, जैसे ही वह उन लोगों के पास पहुंचा, अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। रास्ते में बदमाशों ने उससे उसके गांव के पड़ोसी साबिर पुत्र रसीद के साथ करीब दो वर्ष पूर्व हुए विवाद के संबंध में पूछताछ की। चालक ने बताया कि बदमाश लगातार उसे धमकाते रहे और अलग-अलग स्थानों पर लेकर घूमते रहे। पीड़ित ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे बदमाश एक सुनसान और अपरिचित स्थान पर खाने-पीने के लिए रुके। इसी दौरान साबिर स्कॉर्पियो से निकलकर पास के बाजरे के खेत में घुस गया और काफी देर तक वहीं छिपा रहा। बदमाशों के वहां से चले जाने के बाद वह खेतों के रास्ते सड़क तक पहुंचा। सड़क पर गुजर रहे एक अज्ञात वाहन चालक की मदद से वह मथुरा पहुंचा। वहां एक अनजान व्यक्ति के मोबाइल फोन से उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना बिसावर चौकी पुलिस को भी दी गई। चौकी प्रभारी बिसावर अमित कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फटेज भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page