सादाबाद 12 जून । क्षेत्र के गांव में महिला की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी युवक और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर छेड़छाड़, मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव बिसावर की महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 जून की रात करीब आठ बजे वह घर पर अकेली थीं। उनके पति गांव में एक कार्यक्रम में गए हुए थे। आरोप है कि पड़ोसी दिव्यांश पुत्र जगवेन्द्र उनके कमरे में घुस आया और गलत नीयत से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर उनके पति आरोपी के घर शिकायत करने जा रहे थे। रास्ते में दिव्यांश के पिता जगवेन्द्र ने उन्हें रोककर मारपीट की। वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे तो दिव्यांश और जगवेन्द्र उनके पीछे घर में घुस आए और उनके साथ फिर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची पीड़िता के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन टूटकर गिर गई, जो बाद में नहीं मिली। आरोपियों ने शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने स्वयं को भयभीत बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।























