Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जून। थाना क्षेत्र के गांव गदाई में केबल काटने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर तीन लोगों ने घर में घुसकर मां-बेटी और उनके बेटे के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गदाई निवासी भूरी बेगम पत्नी सुल्तान खान के अनुसार, 10 जून की शाम वह अपनी बेटी खुशबू के साथ घर पर थीं। इसी दौरान मोहल्ले के केबल संचालक आमीन ने उनके घर का केबल काट दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आमीन अपने पिता मखमूल और एक अन्य आमीन के साथ उनके घर पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके बाद लात-घूंसों, थप्पड़ों और मुक्कों से मां-बेटी की पिटाई कर दी। आरोप है कि खुशबू को जमीन पर पटककर भी मारा गया। शोर-शराबा सुनकर जब उनका बेटा मोनू मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। भूरी बेगम ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने दोबारा मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page