सिकन्दराराऊ 11 जून । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्द्राराऊ, ट्रॉमा सेंटर सिकन्द्राराऊ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्द्राराऊ में निरीक्षण के समय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकिशोर वर्मा उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। आरबीएसके टीम द्वारा क्षेत्र में किए गए कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई, जिसकी स्थिति भी संतोषजनक रही। औषधि कक्ष के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट नरोत्तम सिंह उपस्थित मिले। उपलब्ध दवाओं की जानकारी लेने पर बताया गया कि ईडीएल के अनुसार 243 दवाओं के सापेक्ष 206 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ओआरएस काउंटर न मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल ओआरएस काउंटर स्थापित कराने के निर्देश दिए। एनबीएसयू कक्ष में स्टाफ नर्स ऋषि उपस्थित मिले, जिन्होंने बताया कि कक्ष में दो रेडिएंट वार्मर एवं दो फोटोथैरेपी यूनिट उपलब्ध हैं। प्रसव के बाद भर्ती महिलाओं को दिए जाने वाले भोजन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें स्थिति सामान्य पाई गई। ट्रॉमा सेंटर सिकन्द्राराऊ के निरीक्षण के दौरान आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. पवन कुमार, ईएमओ डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे सेवाओं की जानकारी ली गई, जिसमें बताया गया कि ट्रॉमा सेंटर परिसर में प्रतिदिन लगभग 80 से 90 एक्स-रे किए जाते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनरल वार्ड में मरीजों के बेड पर साफ-सुथरी चादरें बिछाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


























