हाथरस 10 जून। थाना हसायन क्षेत्र के एक गांव निवासी ने तीन लोगों पर घर में घुसकर पुत्रवधू से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 8 जून को अनंतराम, नागेंद्र सिंह और रामकिशन उनके कमरे में घुस आए। आरोप है कि वहां उन्होंने उनकी पुत्रवधू के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















