सादाबाद 10 जून । क्षेत्र के गांव कजरौठी में मंगलवार शाम तेज आंधी-तूफान के कारण बड़ा हादसा टल गया। आंधी की चपेट में आने से ग्रामीण के घर का टीनशेड गिर गया, मलबे के नीचे तीन बच्चे दब गए। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आईं और उन्हें मामूली खरोंचों के साथ सकुशल बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कजरौठी गांव में अचानक मौसम बदल गया और धूलभरी तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान गांव निवासी फरियाद खान के घर पर लगा टीनशेड आंधी के तेज झोंकों को झेल नहीं पाया। देखते ही देखते टीनशेड की लगभग 10 भारी चादरें उखड़कर नीचे गिर गईं। हादसे के वक्त फरियाद खान के तीन बच्चे टीनशेड के नीचे बैठे थे। चादरें गिरते ही वे मलबे में दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। तीनों बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम मनीष चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। एसडीएम के आदेश पर बुधवार दोपहर क्षेत्रीय लेखपाल रत्नेश कुमार कजरौठी गांव में पीड़ित फरियाद खान के घर पहुंचे। लेखपाल रत्नेश कुमार ने प्राकृतिक आपदा से हुए आर्थिक नुकसान का गहनता से मुआयना किया। उन्होंने चोटिल बच्चों से मिलकर उनका हालचाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। लेखपाल ने मौके पर ही नुकसान का पूरा ब्योरा तैयार कर विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों और तहसील प्रशासन को सौंप दी है, ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा मिल सके।






















