हाथरस 10 जून। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जनपद द्वारा विभिन्न उत्पादों पर लागत से कई गुना अधिक निर्धारित किए जा रहे अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) के विरोध में 12 जून शुक्रवार को सुबह 9 बजे से तहसील परिसर, अलीगढ़ रोड, हाथरस में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी राज बहादुर सिंह से मुलाकात कर धरना-प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी, जिस पर प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति प्रदान कर दी गई। ग्राहक पंचायत के अनुसार, उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ और विभिन्न उत्पादों पर लागत की तुलना में अत्यधिक एमआरपी निर्धारित किए जाने के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और मूल्य निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनजागरण आवश्यक है। पदाधिकारियों ने बताया कि इसी दिन नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। हाथरस में आयोजित कार्यक्रम भी उसी अभियान का हिस्सा होगा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने जनपद के सभी कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में धरना-स्थल पर पहुंचकर उपभोक्ता हितों की रक्षा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय रोजगार प्रमुख अनूप अग्रवाल उदय, जिलाध्यक्ष मनोज बूटियां, जिला सचिव लोकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा, विष्णु वर्मा, अभय बंसल, नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल, नगर सचिव श्याम अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


























