
हाथरस 10 जून। नगर पालिका परिषद पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने वॉटर वर्क्स स्थित शासनादेश के अनुसार संचालित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कम्पोस्ट पिट तथा कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन ऑफ वेस्ट) की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए उसके संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पालिकाध्यक्ष ने सेंटर पर एकत्रित होने वाले सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, निस्तारण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति एवं संचालन व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण एवं उसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। निरीक्षण के दौरान श्रीमती श्वेता चौधरी ने सेंटर पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर पालिका परिषद हाथरस स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना स्वच्छ एवं स्वस्थ हाथरस की परिकल्पना को साकार नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर सफाई एवं खाद निरीक्षक राखी यादव, आईटीसी मिशन सुनहरा कल से अविनाश, नीरज एवं गौरव, ब्रांड एंबेसडर दीप्ती अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष एवं मनोनीत सभासद विवेक गुप्ता, सभासद अशोक गोला, अभिषेक राज, सुपरवाइजर राहुल कुमार, कृष्णा चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


























