
हाथरस 10 जून । पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा के अंतिम दिन जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने पी.सी. बागला इंटर कॉलेज तथा पी.सी. बागला डिग्री कॉलेज का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही गतिविधियों की निगरानी करते हुए परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में अभ्यर्थियों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के पिछले दो दिनों की तरह अंतिम दिन भी जनपद के सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जा रहा है तथा यातायात व्यवस्था को इस प्रकार संचालित किया गया है कि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय और पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के चलते भर्ती परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हो रही है। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


























