
हाथरस (मुरसान) 08 जून । कस्बा मुरसान के रेलवे स्टेशन के सामने रविवार दोपहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में पुलिस ने तीन नामजद व 6-7 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था, ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।मुरसान कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) प्रवेश कुमार द्वारा दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग पर कुछ युवक फायरिंग कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचने पर आसपास के लोग भयभीत होकर अपने घरों में दुबके हुए मिले। सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति थी और दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर रहे थे।मौके पर प्रमोद कुमार (68) पुत्र रुस्तम सिंह निवासी नगला तजमा, हाथरस जंक्शन घायल अवस्था में मिले। उनके दाहिने पैर में गोली लगी थी। घायल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पुत्री राधा से मिलने मुरसान आए थे, जिसकी रेलवे स्टेशन के सामने कोल्ड ड्रिंक की दुकान है। इसी दौरान कुछ युवक बाइक पर सवार होकर आए और आपस में गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे पर फायरिंग करने लगे। गोलियां आसपास के मकानों की दीवारों में भी लगीं। इसी बीच चली एक गोली प्रमोद कुमार के पैर में जा लगी। गोलियों की आवाज सुनते ही दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी सवारियों में भी भगदड़ मच गई और लोग टेंपो व ई-रिक्शा छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े।पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, 315 बोर के पांच खाली खोखे, पांच बुलेट कारतूस तथा दो पीतल के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने फायरिंग करने वाले अन्नू उर्फ अनूप, रोकी उर्फ राकेश निवासी नगला अनी मुरसान व करण पुत्र एलन निवासी गजुआ बिचपुरी राया मथुरा और 6-7 अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
























