
हाथरस 08 जून । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भगवंतपुर में सब्जी बेचने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कई लोगों पर लाठी-डंडों एवं सरियों से हमला करने, मोबाइल फोन तोड़ने तथा नकदी गिर जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
गांव भगवंतपुर निवासी संदीप कुमार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 6 जून की सुबह करीब सात बजे वह अपने भाइयों के साथ गांव के बाहर सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का विजय उर्फ भूरेश वहां आया और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद विजय ने अपने परिवार के अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। तहरीर में कुनाल, हर्ष, रामू, पवन, राजेश, गौरव तथा हेमंत निवासी हतीसा के नाम शामिल किए गए हैं। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर दिया। मारपीट में संदीप और उसके दोनों भाइयों को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान उनके मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गए तथा करीब 17 हजार रुपये भी गिर गए। संदीप ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपितों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
























