
हाथरस (मुरसान) 07 जून । कस्बे के रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायरिंग के दौरान एक राहगीर के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर तीन-चार बाइक पर सवार करीब आठ युवक, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़ों से ढक रखे थे, आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर अंदर छिप गए, जबकि राहगीर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव तजना निवासी प्रमोद पुत्र रुस्तम अपने रिश्तेदार एवं प्राइवेट एंबुलेंस चालक जितेंद्र के पास आए हुए थे। प्रमोद ने बताया कि वह पान मसाला की दुकान पर जा रहे थे, तभी अचानक उनके पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के चलते मथुरा-बरेली मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।


























