
हाथरस 07 जून । रेलवे प्रशासन द्वारा घोषित लालकुआं-वलसाड साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन के संचालन से जहां यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन को इस ट्रेन के ठहराव सूची में शामिल न किए जाने से स्थानीय यात्रियों में निराशा और नाराजगी देखने को मिल रही है। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन 11 जून से 9 जुलाई तक लालकुआं से तथा 12 जून से 10 जुलाई तक वलसाड से कुल पांच-पांच फेरों के लिए संचालित की जाएगी। ट्रेन बरेली सिटी, बदायूं, कासगंज, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी, सूरत होते हुए वलसाड तक जाएगी। हाथरस के यात्रियों का कहना है कि जनपद से बड़ी संख्या में लोग राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड की यात्रा करते हैं। ऐसे में यदि इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर होता तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलता। बावजूद इसके रेलवे प्रशासन ने कासगंज और मथुरा के बीच स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन हाथरस सिटी को ठहराव सूची से बाहर रखा है। यात्रियों का यह भी कहना है कि ट्रेन को मथुरा कैंट और मथुरा जंक्शन दोनों स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जबकि इन दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है। वहीं कासगंज और मथुरा के बीच करीब 100 किलोमीटर लंबे रेलखंड में हाथरस सिटी जैसे प्रमुख स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं रखा गया, जिससे स्थानीय यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य दिनेश सरदाना ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में स्पेशल ट्रेनों का ठहराव हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेनों के ठहराव और संचालन से जुड़े निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर पर निर्धारित किए जाते हैं। यात्रियों को अब उम्मीद है कि रेलवे बोर्ड हाथरस सिटी स्टेशन की उपयोगिता और यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए भविष्य में इस प्रकार की विशेष ट्रेनों के ठहराव पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
Next News :-नदरई हजारा नहर में डूबे हाथरस के तीन सगे भाइयों के शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






