Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 जून । क्षेत्र के गांव नगला भूरा के पास जुगसना रजवाहे की पटरी कटने से आसपास के इलाकों में पानी फैल गया। तेज बहाव के कारण गांव की संपर्क सड़क जलमग्न हो गई और निचले स्थानों पर बने कुछ मकानों में भी पानी भर गया। यह घटना सुबह हुई जब टहलने निकले ग्रामीणों ने गांव की सड़कों पर जलभराव देखा। ग्रामीणों ने तुरंत गांव के अन्य लोगों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पहले कटी हुई पटरी को खुद जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद, ग्रामीणों ने एक जेसीबी मशीन मंगवाई। जेसीबी की सहायता से काफी देर बाद कटाव को बंद कर स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि, तब तक अधिकांश सड़क और निचले स्तर के मकानों में पानी भर चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, जुगसना रजवाहे की पटरी अचानक कटी, जिससे बड़ी मात्रा में पानी खेतों और आबादी की ओर बढ़ने लगा। गांव की सड़क पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। पानी निचले क्षेत्र में बने कुछ मकानों तक भी पहुंच गया। जिन मकानों में पानी भरा, उनमें वर्तमान में कोई निवास नहीं करता है। इन मकानों का उपयोग पशु बांधने और चारा आदि रखने के लिए किया जाता है। इसके बावजूद, ग्रामीणों को पशुओं और सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल नहर विभाग को मामले की जानकारी दी, लेकिन घंटों तक कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। मजबूरन, ग्रामीणों को ही अपने स्तर पर पटरी को रोकने की कवायद शुरू करनी पड़ी। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से कटे हुए हिस्से पर मिट्टी डलवाकर पटरी को बंद कराया। कई घंटे की मशक्कत के बाद पानी का बहाव को रोका जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page