Hamara Hathras

Latest News

सासनी 06 जून । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में कुछ कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनके संबंध में स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। वहीं डेंटल सर्जन की अनुपस्थिति एवं कॉम्प्लीमेंट्री अवकाश संबंधी प्रकरण पर भी प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक और संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आरबीएसके टीम के कार्यों की समीक्षा की, जिसे संतोषजनक पाया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीडी में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए आरबीएसके टीम का एक चिकित्सक नियमित रूप से केंद्र पर सेवाएं प्रदान करे। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के लिए आरबीएसके वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। लैब कक्ष के निरीक्षण में कई आवश्यक जांचें उपकरणों के संचालन न होने के कारण प्रभावित पाई गईं। हेपेटाइटिस जांच किट की अनुपलब्धता पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कचरा प्रबंधन में खामियां मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया। सीएमओ ने एक्स-रे कक्ष, डेंटल कक्ष, एनसीडी कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, एनबीएसयू तथा कोल्ड चेन कक्ष का भी निरीक्षण किया। हेल्थ एटीएम को खराब पाए जाने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए गए। डेंटल कक्ष में एक्स-रे सुविधा न होने तथा डेंटल चेयर में तकनीकी कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एनसीडी काउंसलिंग व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिस पर संबंधित कर्मचारी को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं इमरजेंसी सेवाओं, नवजात शिशु देखभाल इकाई एवं कोल्ड चेन व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में खराब पड़े वाटर कूलरों को तत्काल ठीक कराकर आरओ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में जवाबदेही तय करने और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page